• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू के वाणिज्य विभाग में सुरक्षित पर्यावरण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित।

Published on: 23 Apr 2026

*आईजीयू के वाणिज्य विभाग में सुरक्षित पर्यावरण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित।*

​इन्दिरा गाँधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के वाणिज्य विभाग के अंतर्गत संचालित 'वाणिज्य क्लब' द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में एक पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष के मुख्य विषय *सतत भविष्य के लिए हमारे ग्रह में निवेश* पर आधारित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से 50 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच निर्णायक मंडल ने विजेताओं की घोषणा की। इसमें हिंदी विभाग की प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिंदी विभाग की ही थर्पना द्वितीय स्थान पर रहीं। वाणिज्य विभाग की लक्ष्मीबाई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रविंद्र ने कहा कि विजेताओं को माननीय कुलपति के हाथों सम्मानित करवाया जाएगा।

प्रोफेसर रवींद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग ही भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं, वाणिज्य क्लब की निदेशक प्रोफेसर अदिति शर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना प्रबल होती है।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका प्रोफेसर संजय हुड्डा, प्रोफेसर दीपक गुप्ता और डॉ. ममता अग्रवाल ने निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई, जिसमें जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प लिया गया।

इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में वाणिज्य क्लब के सचिव डॉ. संदीप यादव और संयुक्त सचिव डॉ. प्रियंका रंगा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन वाणिज्य क्लब के समन्वयक डॉ. ईश्वर शर्मा और सह-समन्वयक डॉ. संदीप पुरवा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। साथ ही, लायजनिंग ऑफिसर डॉ. सुनीता यादव ने भी भूमिका निभाई। इस अवसर पर विभाग के अन्य शिक्षक गण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।